Monday, September 12, 2011

श्राद्ध पक्ष का वैज्ञानिक पहलू

चित्र:Blockquote-open.gifश्राद्ध सूक्ष्म शरीरों के लिए वही काम करते हैं, जो कि जन्म के पूर्व और जन्म के समय के संस्कार स्थूल शरीर के लिए करते हैं। इसलिए शास्त्र पूर्वजन्म के आधार पर ही कर्मकाण्ड में श्राद्धादि कर्म का विधान निर्मित करते हैं।चित्र:Blockquote-close.gif



जन्म एवं मृत्यु का रहस्य अत्यन्त गूढ़ है। वेदों में, दर्शन शास्त्रों में, उपनिषदों एवं पुराणों आदि में हमारे ऋषियों-मनीषियों ने इस विषय पर विस्तृत विचार किया है। श्रीमदभागवत में भी स्पष्ट रूप से बताया गया है कि जन्म लेने वाले की मृत्यु और मृत्यु को प्राप्त होने वाले का जन्म निश्चित है। यह प्रकृति का नियम है। शरीर नष्ट होता है मगर आत्मा कभी भी नष्ट नहीं होती है। वह पुन: जन्म लेती है और बार-बार जन्म लेती है। इस पुन: जन्म के आधार पर ही कर्मकाण्ड में श्राद्धदि कर्म का विधान निर्मित किया गया है। अपने पूर्वजों के निमित्त दी गई वस्तुएँ सचमुच उन्हें प्राप्त होती हैं या नहीं, इस विषय में अधिकांश लोगों को संदेह है। हमारे पूर्वज अपने कर्मानुसार किस योनि में उत्पन्न हुए है, जब हमें इतना ही नहीं मालूम तो फिर उनके लिए दिए गए पदार्थ उन तक कैसे पहुँच सकते हैं? क्या एक ब्राह्मण को भोजन कराने से हमारे पूर्वजों का पेट भर सकता है? न जाने इस तरह के कितने ही सवाल लोगों के मन में उठते होंगे। वैसे इन प्रश्नों का सीधे-सीधे उत्तर देना सम्भव भी नहीं है, क्योंकि वैज्ञानिक मापदण्डों को इस सृष्टि की प्रत्येक विषयवस्तु पर लागू नहीं किया जा सकता। दुनिया में ऐसी कई बातें हैं, जिनका कोई प्रमाण न मिलते हुए भी उन पर विश्वास करना पड़ता है।
अब श्राद्ध संस्कार को ही लीजिए। श्राद्ध सूक्ष्म शरीरों के लिए वही काम करते हैं, जो जन्म के पूर्व और जन्म के समय के संस्कार स्थूल शरीर के लिए करते हैं। यहाँ से दूसरे लोक में जाने और दूसरा शरीर प्राप्त करने में जीवात्मा की सहायता करके मनुष्य अपना कर्तव्य पूरा कर देता है। इसलिए इस क्रिया को श्राद्ध कहते हैं, जो श्रृद्धा से बना है। श्राद्ध की क्रियाएँ दो भागों में बँटी हुई हैं। पहला प्रेत क्रिया और दूसरा पितृ क्रिया। ऐसा माना जाता है कि मरा हुआ व्यक्ति एक वर्ष में पितृ लोक पहुँचता है। अत: सपिंडीकरण का समय एक वर्ष के अन्त में होना चाहिए। परन्तु इतने दिनों तक अब लोग प्रतिक्षा नहीं कर पाते हैं। इस स्थिति में सपिंडीकरण की अवधि छह महीने से अब 12 दिन की हो गई है। इसके लिए गरुड़ पुराण का श्लोक आधार है-
"अनित्यात्कलिधर्माणांपुंसांचैवायुष: क्षयात्।
अस्थिरत्वाच्छरीरस्य द्वादशाहे प्रशस्यते।।"
अर्थात् कलियुग में धर्म के अनित्य होने के कारण पुरुषों की आयु क्षीणता तथा शरीर के क्षण भंगुर होने से बारहवें दिन सपिंडी की जा सकती है। वर्णानुसार यह दिन आगे भी बढ़ जाता है। बारहवाँ दिन उनके लिए है, जिनकी शुद्धि दस दिन में हो जाती है।
जिस प्रकार सभी संस्कार प्रकृति के कार्य को सहायता पहुँचाने के लिए बने हैं, उसी प्रकार प्रेत क्रिया का भी उद्देश्य यही है कि वह प्राणमय कोश की, अन्नमय कोश के यथावत रहने के समय तक उस पर अवलंबित रहने की प्रकृति को नष्ट कर दे और जब तक प्रकृति अपनी साधारण प्रक्रिया में पहुँचाना चाहे, उस मनुष्य को भूलोक में इस प्रकार धारण किए रहे। इस विषय में सबसे पहला आवश्यक कार्य यह है कि अन्नमय कोश नष्ट कर दिया जाए और वह दाह करने से हो जाता है। छान्दोग्य उपनिषद में उल्लेख है–'ते प्रेतं दिष्टमितो अग्नय ऐ हरन्ति यत एवेतो यत: संभूतो भवति।' अर्थात् जैसा निर्दिष्ट है, वे मृतात्मा को अग्नि के पास ले जाते हैं, जहाँ से वह आया था और जहाँ से वह उत्पन्न हुआ था। शव में आग लगाने से पूर्व दाहकर्ता चिता की परिक्रमा करता है और उस पर इस मंत्र के साथ जल छिड़कता है–'अयेत वीत वि च सर्पत अत:।' अर्थात् जाओ, अपसरण करो, विदा हो जाओ, जब तक दाह होता रहता है, तब तक कहा जाता है। बाद में बची हुई हड्डियों का संचय करके प्रवाह कर दिया जाता है। इसके बाद मनोमय कोष के विश्लेषण करने का काम आता है, जिससे प्रेत बदल कर पितृ हो जाता है। सभी संस्कारों विवाह को छोड़कर श्राद्ध ही ऐसा धार्मिक कृत्य है, जिसे लोग पर्याप्त धार्मिक उत्साह से करते हैं। विवाह में बहुत से लोग कुछ विधियों को छोड़ भी देते हैं, परन्तु श्राद्ध कर्म में नियमों की अनदेखी नहीं की जाती है। क्योंकि श्राद्ध का मुख्य उद्देश्य परलोक की यात्रा की सुविधा करना है।

क्या हैं नियम

  • दैनिक पंच यज्ञों में पितृ यज्ञ को ख़ास बताया गया है। इसमें तर्पण और समय-समय पर पिण्डदान भी सम्मिलित है। पूरे पितृपक्ष भर तर्पण आदि करना चाहिए।
  • इस दौरान कोई अन्य शुभ कार्य या नया कार्य अथवा पूजा-पाठ अनुष्ठान सम्बन्धी नया काम नहीं किया जाता। साथ ही श्राद्ध नियमों का विशेष पालन करना चाहिए। परन्तु नित्य कर्म तथा देवताओं की नित्य पूजा जो पहले से होती आ रही है, उसको बन्द नहीं करना चाहिए।
  • पितृपक्ष सूतक नहीं हैं, बल्कि पितरों की पूजा का विशेष पक्ष है। पितृ कार्य के लिए दोपहर का समय अच्छा समझा जाता है। क्योंकि पितरों के लिए मध्याह्न ही भोजन का समय है।
  • पितरों को पिण्ड दक्षिण की ओर मुख करके दक्षिण की ओर ढाल वाली भूमि पर बैठ कर दिए जाते हैं।
  • भोजन आदि में ब्राह्मणों की संख्या विषम होनी चाहिए। जैसे एक, तीन आदि। गृहसूत्र में लिखा है कि श्राद्ध में बुलाए गए ब्राह्मण पवित्र और वेद को जानने वाले ही होने चाहिए। साथ ही यह उल्लेख भी है कि श्राद्ध का भोजन करने वाला जो विप्र उस दिन दुबारा भोजन करता है, वह कीड़े-मकोडों की योनि में उत्पन्न होता है। मनुस्मृति के तीसरे अध्याय में लिखा है-
'यथोरिणे बीजमृप्त्वा न वप्ता लभते फलम्।
तथाऽनुचे हविर्दत्त्वा न दाता लभते फलम्।।'
अर्थात् जिस प्रकार ऊसर में बीज बोकर बोने वाला फल नहीं पाता, उसी प्रकार वेद विहीन व्यक्ति को हवि देने वाला कोई लाभ नहीं पाता है।
  • मनुस्मृति के अनुसार पिता आदि के लिए तीन पिण्ड बनाने चाहिए। पार्वण में मातामह आदि के लिए भी तीन पिण्ड बनाए जाते हैं। पिण्ड बेल के आकार के होने चाहिए। पिण्ड दान के बाद ब्राह्मण भोज करना चाहिए।
  • श्राद्ध के पश्चात् गृह बलि की जानी चाहिए। इस अवसर पर बंधु-बांधव तथा जाति वालों को भी भोजन कराने का विधान है। गाय का दूध और दूध से बने पदार्थ खीर आदि श्राद्ध के समय खिलाना अच्छा है।
  • पितृ लोक और प्रेत लोक भुवर्लोक के हिस्से हैं और भू-लोक का प्रभाव इन तक पहुँचता है। पिण्ड से बचे हुए अन्न के समर्पण में तीन पीढ़ियों के ऊपर अर्थात् चौथी, पाँचवी और छठी पीढ़ियाँ आदान-प्रदान कर एक-दूसरे पर प्रभाव डाल सकते हैं। इनको सपिण्ड कहते हैं। इसके ऊपर की तीन पीढ़ियाँ केवल समर्पण का जल ही पा सकती हैं। इसको समानोदक कहते हैं। दस पीढ़ी के बाद सगोत्र कहे जाते हैं। दस पीढ़ी के ऊपर के लोगों पर तर्पण अथवा पिण्ड दान को कोई प्रभाव नहीं पड़ सकता। क्योंकि इतने समय में साधारणतया एक मनुष्य स्वर्ग में गया हुआ माना जा सकता है।

2 comments:

  1. mahoday mera abhivadan sweekar karein.apki side pahli baar dekh paya hu aaj.bahut hi sundar sanklan kiya gaya hai.bhavishya me bhi isi tarah apke lekhon ko padhta rahunga aur bharpoor fayda uthane ki koshis karunga.

    ReplyDelete
  2. Ek bahoot hee acha collection hein.lagbhag sansayaon ka neevaranaa ho jata hein. Mein aap ke dawara kiya gaya collection se aati prasanna hoon.aap ko dhayanwad hein.

    ReplyDelete